Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव के हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के दोस्त और इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ यादव के घर पर शनिवार देर रात अंधाधुंध फायरिंग कर दी गई। फायरिंग के दौरान दो गोलियां उनके घर पर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल को लगी। कॉन्स्टेबल का अस्पताल मे इलाज चल रहा है। उनकी पहचान कुलविंदर के रूप में हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात कन्हई गांव स्थित सौरभ यादव के घर के बाहर बाइक पर सवार होकर बदमाश आए। इस दौरान सौरभ यादव घर की पहली मंजिल पर मौजूद थे और सुरक्षाकर्मी गेट पर ड्यूटी पर था। अचानक दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर कुलविंदर ने जैसे ही जवाबी कार्रवाई के लिए पोजीशन ली, बदमाशों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस दौरान सौरभ को तो गोलियां नहीं लगी, लेकिन कुलविंदर को दो गोलियां लगने की जानकारी मिली है। आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए। घायल कुलविंदर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
गैंगस्टर दीपक नांदल ने दी थी धमकी
बता दें कि सौरभ यादव को गैंगस्टर दीपक नांदल ने धमकी दी थी। इसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को भी दे रखी थी। इसके बावजूद उनके घर पर फायरिंग की गई। सौरभ यादव हाल ही में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के गाने ‘लारी लारी’ को प्रमोट कर रहे थे।
पुलिस खंगाल रही रूट
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों का यहां फायरिंग करने से पहले और फायरिंग करके भागने वाले रूट की जांच की जा रही है।
गुड़गांव में पिछले वर्ष हुई प्रमुख घटनाएं
जुलाई : थार कार में सवार होकर जा रहे हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर एसपीआर रोड पर फायरिंग की गई थी। सिंगर बाल-बाल बचे थे।
अगस्त : फाजिलपुरिया के करीबी दोस्त और प्रॉपर्टी डीलर रोहित शौकीन की गुड़गांव में बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
अगस्त : यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की। गैंगस्टर हिमांशु भाऊ ने जिम्मेदारी ली।
सितंबर: सेक्टर 45 में बिल्डर एमएनआर के ऑफिस पर 25-30 राउंड फायरिंग।




