Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 4 मई हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री Rao Narbir Singh ने सोमवार को गुरुग्राम स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में जीएमडीए और नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की प्रमुख नागरिक सुविधाओं जैसे सड़क, ड्रेनेज, सफाई, कचरा प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. मीणा और नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम में विकास कार्यों की रफ्तार तेज की जाए और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से मानसून से पहले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर जोर दिया।
मानसून से पहले जलभराव रोकने के निर्देश
राव नरबीर सिंह ने ड्रेनेज व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रमुख नालों की सफाई, डी-सिल्टिंग और ड्रेनेज नेटवर्क का काम तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। अधिकारियों ने बताया कि शहर में मास्टर ड्रेनेज नेटवर्क के तहत तीन प्रमुख ड्रेन सक्रिय हैं और अधिकांश इलाकों में कार्य तेजी से चल रहा है। सेक्टर 68-75 और 112-115 में ड्रेनेज सिस्टम निर्माण का कार्य प्रगति पर है। साथ ही, जलभराव वाले चिन्हित स्थलों की संख्या में पिछले वर्षों की तुलना में कमी दर्ज की गई है।
सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जीएमडीए क्षेत्र में करीब 447 करोड़ रुपये के सड़क निर्माण कार्य चल रहे हैं, जबकि 1271 करोड़ रुपये के कार्य अलॉटमेंट प्रक्रिया में हैं। इसके अलावा 1870 करोड़ रुपये की नई परियोजनाएं स्वीकृति और योजना चरण में हैं। मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी प्रोजेक्ट्स तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़ी सर्विस रोड, सेक्टर डिवाइडिंग रोड्स और मास्टर रोड्स के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।
सफाई और कचरा प्रबंधन पर सख्त रुख
सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि शहर की स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम द्वारा 400 वाहनों के माध्यम से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण किया जा रहा है। इसके अलावा मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों से प्रतिदिन करीब 540 किलोमीटर सड़कों की सफाई की जा रही है। राव नरबीर सिंह ने स्पष्ट कहा कि कचरा निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करनी होगी।
पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने के निर्देश
बैठक में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम में जीएमडीए की कुल जल शोधन क्षमता 670 एमएलडी है, जबकि वर्तमान में नगर निगम द्वारा लगभग 455 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जा रही है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में पानी की कमी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था और निगरानी तंत्र को और मजबूत किया जाए।
जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर
बैठक के अंत में राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर कार्यों की निगरानी करें और जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। मंत्री ने कहा कि गुरुग्राम को अधिक बेहतर, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाना सरकार की प्राथमिकता है, और इसके लिए प्रशासनिक जवाबदेही और जमीनी निगरानी दोनों जरूरी हैं।




