Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम पुलिस ने गांव कन्हई में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर सतपाल उर्फ कालू उर्फ चोटी की अवैध 7 मंजिला बिल्डिंग पर बुलडोजर चला दिया। पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी सुरक्षा के बीच इस अवैध निर्माण को तोड़ना शुरू किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सतपाल उर्फ कालू पर 7 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह सेक्टर-40 थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और एनडीपीएस एक्ट के मामले में सजा भी काट चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से अवैध शराब, नशे और दूसरे गैरकानूनी धंधों में शामिल रहा है।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने गांव कन्हई में करीब 124 वर्ग गज जमीन पर अवैध रूप से 7 मंजिला इमारत खड़ी कर ली थी। इस बिल्डिंग में 35 कमरे बनाए गए थे और यहां पीजी चलाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान मौके पर 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहे, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। वहीं तोड़फोड़ के लिए 50 से ज्यादा मजदूरों और मशीनों को लगाया गया।
यह कार्रवाई गुरुग्राम पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल, सिकंदरपुर ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर की। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध कब्जों, अवैध निर्माण और अपराधियों के नेटवर्क पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गुरुग्राम पुलिस ने साफ किया है कि शहर में अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी।
