Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सेक्टर 29 में अब सीवर, सफाई और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर कार्रवाई तेज होने वाली है। सोमवार को HSVP की संपदा अधिकारी-2 डॉ. अनुपमा मलिक ने सेक्टर 29 की एसोसिएशन के साथ बैठक की, जिसमें इलाके की बड़ी दिक्कतों पर सीधी बात हुई।

मीटिंग में सबसे ज्यादा शिकायत सीवर और बारिश के पानी की निकासी को लेकर आई। लोगों ने कहा कि हल्की बारिश में भी सेक्टर के कई हिस्सों में पानी भर जाता है। सफाई व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी सामने आई। इस पर डॉ. अनुपमा मलिक ने कहा कि सफाई का टेंडर जल्द जारी किया जाएगा, ताकि ग्राउंड पर काम शुरू हो सके।
बैठक में कचरा प्रबंधन को लेकर भी चर्चा हुई। HSVP की ओर से साफ कहा गया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के नियमों को अब सख्ती से लागू किया जाएगा और इसमें सेक्टर के लोगों का सहयोग जरूरी होगा।
सेक्टर 29 में बढ़ते अतिक्रमण पर भी विभाग ने सख्त रुख दिखाया। दुकानदारों को साफ चेतावनी दी गई है कि वे अपना अतिक्रमण खुद हटा लें, नहीं तो अगले हफ्ते विभाग कार्रवाई करेगा। वहीं बाहरी लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को भी हटाने की तैयारी है।
डॉ. अनुपमा मलिक ने साफ कहा कि सेक्टर 29 के विकास कार्य अब फाइलों में नहीं अटकेंगे और जमीन पर असर दिखेगा।
बैठक में एसोसिएशन की ओर से नरेंद्र अरोड़ा, अशोक वर्मा, कर्नल सैनी, सुनील और अमित ठाकरान मौजूद रहे। HSVP की ओर से अमित वशिष्ठ, गौरव यादव और रामपाल आर्य भी शामिल रहे।




