Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम पुलिस ने छीना-झपटी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, 2 सोने की चेन और 35,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों पर गुरुग्राम और दिल्ली में कुल 58 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को पालम विहार थाना क्षेत्र में अशोक विहार स्थित हनुमान मंदिर के पास एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने कान की बाली छीन ली थी। पीड़िता की शिकायत पर पालम विहार थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने कार्रवाई करते हुए 1 मई 2026 को दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ फलोदी निवासी मकसूदाबाद कॉलोनी, नजफगढ़ दिल्ली और जितेंद्र शर्मा उर्फ जीवेश उर्फ जीतू उर्फ पंजाबी निवासी हैबतपुरा, नजफगढ़ दिल्ली के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने गुरुग्राम में छीना-झपटी की 4 अन्य वारदातों और बहादुरगढ़ में 1 वारदात को अंजाम देने की बात कबूली है। इस तरह पुलिस ने कुल 6 मामलों का खुलासा किया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी पार्कों और सुनसान स्थानों पर महिलाओं की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वे महिलाओं से सोने के आभूषण और चेन छीनकर फरार हो जाते थे। छीने गए आभूषणों को आरोपी या तो बेच देते थे या गिरवी रखकर नकदी जुटाते थे। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में छीनी गई कान की बाली आरोपियों ने पहले ही बेच दी थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दीपक पर गुरुग्राम में छीना-झपटी और एनडीपीएस एक्ट के 4 मामले दर्ज हैं, जबकि दिल्ली में उसके खिलाफ चोरी, छीना-झपटी, हत्या के प्रयास, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 33 मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी जितेंद्र पर गुरुग्राम में 3 और दिल्ली में लूट, चोरी, छीना-झपटी और आर्म्स एक्ट समेत 25 मामले दर्ज हैं।
गुरुग्राम पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, 2 सोने की चेन और 35,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।




