Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 05 मई 2026 गुरुग्राम के गांव कासन में पैरोल पर आए 55 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई।

पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर क्षेत्र के गांव कासन में सुंदर (55) नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम व फिंगरप्रिंट टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण कराया।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 अप्रैल की सुबह सुंदर गांव कासन में मोनी बाबा के चबूतरे पर कुछ लोगों के साथ बैठा था। इसी दौरान रोहन और गुलशन हथियार लेकर वहां पहुंचे और सुंदर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से सुंदर गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा और एक देसी पिस्तौल बरामद की। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर में हत्या समेत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
अपराध शाखा सेक्टर-10 गुरुग्राम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 मई 2026 को दो आरोपियों को गांव कासन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान गुलशन उर्फ गुल्लू उर्फ गणेश (20) और कार्तिक चौहान उर्फ छोटा रोहन (20), दोनों निवासी गांव कासन, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी कार्तिक चौहान गुरुग्राम में पानी सप्लाई प्लांट में काम करता है। कार्तिक ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2018 में उसके पिता बहादुर की हत्या सुंदर ने की थी। इसी मामले में सुंदर आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और 29 मार्च 2026 को भतीजी की शादी के लिए पैरोल पर गांव आया हुआ था।
पुलिस के अनुसार, पिता की हत्या का बदला लेने के लिए कार्तिक ने अपने साथी गुलशन के साथ मिलकर सुंदर की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि हत्या में इस्तेमाल अवैध हथियार आरोपी कार्तिक उत्तर प्रदेश से लाया था।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को 5 मई 2026 को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि मामले में गहन पूछताछ की जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




