Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम पुलिस ने फर्जी एग्रीमेंट के जरिए करोड़ों रुपये की जमीन ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पलवल की जमीन बेचने का झांसा देकर करीब 17 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने जनवरी 2026 में सेक्टर-40 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि Neon Infra Construction Solution कंपनी और उससे जुड़े लोगों ने गांव घुघेरा, जिला पलवल में करीब 11.33 एकड़ जमीन दिखाकर सौदा किया था। आरोपियों ने 1 अगस्त 2024 को एग्रीमेंट टू सेल किया और जमीन की कीमत व अन्य खर्चों के नाम पर करीब 17 करोड़ रुपये ले लिए।
आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवाई गई। शिकायतकर्ताओं को लंबे समय तक बहाने बनाकर गुमराह किया गया और बाद में संपर्क तक बंद कर दिया गया।
मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा-1 कर रही है। जांच के दौरान पुलिस ने 9 मई 2026 को नोएडा के सेक्टर-75 से आरोपी महेश मुगम को गिरफ्तार किया। आरोपी कंपनी का मालिक बताया जा रहा है।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले से प्लानिंग के तहत फर्जी एग्रीमेंट तैयार किए और लोगों से करोड़ों रुपये ट्रांसफर करवाए। ठगी की रकम आरोपी की कंपनी के बैंक खातों में जमा करवाई गई थी।
फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों, बैंक ट्रांजैक्शन और दस्तावेजों की जांच कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ की जाएगी।
