Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के बसई इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब जंगल से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मामला सेक्टर-9 थाना क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार रात करीब 9 बजे राहगीरों ने जंगल की तरफ से तेज बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और सीन ऑफ क्राइम यूनिट को भी बुलाया गया। जांच टीम ने घटनास्थल से कई अहम सुराग जुटाए हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या की आशंका है। बताया जा रहा है कि करीब 55 वर्षीय व्यक्ति के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को जंगल में फेंक दिया गया ताकि पहचान छुपाई जा सके और सबूत मिटाए जा सकें।
पुलिस के अनुसार मृतक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या ऐसा सामान नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। शव की स्थिति भी काफी खराब बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके।
जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
