Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
सेक्टर-93 में देर रात चोरों का आतंक, आधा दर्जन कारों के टायर रिम समेत गायब
गुरुग्राम के सेक्टर-93 इलाके में शुक्रवार रात चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने स्थानीय लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके में खड़ी करीब आधा दर्जन कारों के चारों टायर रिम समेत चोरी कर लिए गए। सुबह जब वाहन मालिक घरों से बाहर निकले, तो उनकी गाड़ियां ईंटों के सहारे खड़ी मिलीं।

बताया जा रहा है कि बदमाश बेहद शातिर तरीके से देर रात कॉलोनी में पहुंचे। उन्होंने पहले जैक की मदद से गाड़ियों को उठाया और फिर आराम से सभी टायर खोलकर अपने साथ ले गए। वारदात इतनी सफाई से की गई कि आसपास रहने वाले लोगों को रातभर इसकी भनक तक नहीं लगी।
हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल सेक्टर-93 पुलिस चौकी से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। ऐसे में स्थानीय निवासियों ने इलाके में पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजाम मजबूत नजर नहीं आते।
घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में नाराजगी है। निवासियों ने रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत करने और सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
