Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में रविवार को देवर्षि नारद जयंती के मौके पर विश्व संवाद केंद्र गुरुग्राम की ओर से पत्रकार संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सेक्टर-14 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स के सेमिनार हॉल में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग शामिल हुए।

इस बार कार्यक्रम का विषय “नागरिक कर्तव्य में पत्रकारिता का योगदान” रखा गया। कार्यक्रम में मीडिया की जिम्मेदारी, फेक न्यूज और समाज में पत्रकारों की भूमिका पर खुलकर चर्चा हुई।
मुख्य वक्ता के तौर पर दादा लाखमी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय (सुपवा) रोहतक के कुलपति और हरियाणा सरकार के पूर्व मीडिया सलाहकार डॉ. अमित आर्य मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता पहले पैशन थी, फिर प्रोफेशन बनी और अब कई जगह बिजनेस का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और यूट्यूब के दौर में सही खबर लोगों तक पहुंचाना ही पत्रकारों का सबसे बड़ा धर्म है।
कार्यक्रम में हरियाणा गौ-सेवा आयोग के वाइस चेयरमैन पूरन यादव लोहचब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारों से समाज के लिए सकारात्मक काम करने का आह्वान किया।
वहीं, हरियाणा स्टेट टैक्सबार एसोसिएशन के प्रेसिडेंट नवीन गुप्ता और उद्योगपति एवं ज्योतिषाचार्य पंडित आदित्य पारिक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य मनीष ने भारत माता के जयघोष और देवर्षि नारद जी की स्तुति के साथ की। प्रस्तावना प्रोफेसर राकेश कुमार योगी ने रखी। उन्होंने कहा कि देवर्षि नारद को ब्रह्मांड का पहला पत्रकार माना जाता है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गांवों से हो रहे पलायन, स्वच्छता, पर्यावरण और समाज में बढ़ते फेक नैरेटिव जैसे मुद्दों पर भी चिंता जताई। साथ ही मीडिया कर्मियों के लिए कैशलेस मेडिकल सुविधा की मांग भी उठाई गई।
समारोह में विभिन्न मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ और युवा पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इनमें आदित्यराज, बागीश कुमार झा, अशोक चौहान, मयंक तिवारी, अमित नेहरा, संजय यादव, प्रदीप नरूला, अभिनव तिवारी, अभिषेक बहल, मनोज धौर, देवेंद्र भारद्वाज, नीरज अमबवता, सीमा गिल, महावीर भारद्वाज, ज्योति दत्ता, ब्रह्म शर्मा, धर्मबीर शर्मा, राजेश यादव, धर्मेंद्र कौशिक, शैलेश गुप्ता, नीरज अहलावत, पूनम शेखर, रेखा और अजय वैष्णव समेत कई पत्रकार शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पत्रकार संजीव आहूजा ने सभी अतिथियों और पत्रकारों का धन्यवाद किया। समापन ‘कल्याण मंत्र’ के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ।
