Bilkul sateek news
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: शहर में एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक संगम देखने को मिला। सोमवार देर रात न्यू कॉलोनी की ओर से एक युवक अपनी कार लेकर ज्योति पार्क इलाके में पहुंचा और कथित तौर पर नशे की हालत में कई लोगों को टक्कर मार दी। होली के त्योहार का उल्लास कुछ ही सेकंड में अफरातफरी और चीख-पुकार में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात पार्क और आसपास की सड़कों पर लोग होली के जश्न के बाद टहल रहे थे और आपस में मिल रहे थे। तभी अचानक तेज रफ्तार कार पार्क एरिया में घुसी। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और कार सामने मौजूद लोगों को टक्कर मारती चली गई।
घटना इतनी अचानक थी कि कई लोग समझ ही नहीं पाए कि हुआ क्या है। कुछ लोग जमीन पर गिर पड़े, तो कुछ घायल हालत में दर्द से कराहते नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभालने की कोशिश की। पूरा इलाका कुछ ही पलों में दहशत में डूब गया।
टक्कर मारने के बाद भी नहीं रुका आरोपी
हैरानी की बात यह रही कि ज्योति पार्क में कई लोगों को टक्कर मारने के बाद भी आरोपी ने गाड़ी नहीं रोकी। वह कार को तेजी से फिरोज़गांधी की ओर ले गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार लगातार तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो चुका था।

आखिरकार कुछ दूरी पर जाकर कार एक अन्य स्थान पर टकरा गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। गुस्साए लोगों ने आरोपी को कार से बाहर निकाला और उसकी पिटाई कर दी। आसपास मौजूद लोगों के चेहरों पर गुस्सा और आक्रोश साफ झलक रहा था।
कई लोग घायल, कुछ की हालत गंभीर
इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में घायल लोग दर्द और गुस्से के साथ दिखाई दे रहे हैं। परिजन और स्थानीय निवासी प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही न्यू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने सबसे पहले घायलों को अस्पताल भिजवाया और फिर आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। न्यू कॉलोनी थाना के एसएचओ तेजपाल सोनी ने बताया कि सूचना मिली थी कि ज्योति पार्क इलाके में HR89B 4216
नंब की कार से एक युवक ने कई लोगों को टक्कर मारी है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।आरोपी की पहचान रितेश पुत्र धर्मेंद्र के रूप में हुई है, जो झज्जर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा मेडिकल जांच करवाई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के समय वह नशे की हालत में था या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पहले भी उठते रहे हैं सवाल
गुरुग्राम में तेज रफ्तार और लापरवाही के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। त्योहारों और देर रात के समय ऐसी घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। इस ताजा घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सड़कों पर सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सख्ती कितनी जरूरी है। स्थानीय लोग पुलिस गश्त बढ़ाने और नशे में ड्राइविंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




