Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली में ठक ठक गैंग एक्टिव है। दिल्ली कैंट में ये लोग मदद के बहाने गाड़ियां रुकवाते हैं और फिर छीनाझपटी करके भाग जाते हैं। पुलिस ने इस गैंग के एक गुर्गे को पकड़ा है, लेकिन उसके और कितने साथी हैं, उसकी जांच चल रही है। दिल्ली कैंट थाना पुलिस ने ठक-ठक गैंग के गुर्गे को गिरफ्तार कर दो करोड़ रुपये की ठगी की रकम का पता लगाया है। आरोपी के पास से लूटा गया सोने-हीरे के जेवर, 3000 कैंडियन डॉलर, 10 हजार रुपये नकदी, मोबाइल, पासपोर्ट, पीआर कार्ड और लूट में इस्तेमाल हुई स्कूटी बरामद की गई है।

साउथ वेस्ट जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि 12 अप्रैल को धौला कुआं रिंग रोड पर फुट ओवरब्रिज के पास दो युवकों ने मदद मांगने के लिए एक टैक्सी रुकवाई। टैक्सी में दीदार सिंह और उनकी पत्नी सवार थे। जैसे ही उन्होंने खिड़की खोली तो एक आरोपी ने ड्राइवर का ध्यान भटकाया और दूसरे ने बैग छीन लिया। बैग में सोने-हीरे के जेवर, कैंडियन डॉलर, भारतीय रुपये, मोबाइल और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। इसके बाद दोनों आरोपी स्कूटी पर भाग गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
दिल्ली कैंट थाना पुलिस ने दबोचा
दिल्ली कैंट थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर श्योराम यादव के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम में एसआई जसबीर मलिक, मनीष मीणा, हेड कॉन्स्टेबल सुनील कुमार, पवन कुमार और कॉन्स्टेबल गजानंद मीणा शामिल थे। टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय मुखबिरों को भी सक्रिय किया। इसके आधार पर आरोपी कुनाल को गिरफ्तार किया।
जाम लगने वाले इलाकों में देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में कुनाल ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ ठक ठक तरीके से वाहनों में सवार लोगों से सामान चुराता था। ट्रैफिक जाम वाले इलाकों को टारगेट करते थे ताकि स्कूटी से आसानी से भाग सकें। जांच में पता चला कि कुनाल पहले से ही 8 चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में शामिल रहा है। उसके साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
वारदात का तरीका
यह गैंग मदद मांगने के बहाने वाहनों को रुकवाता था। जैसे ही खिड़की खुलती, एक सदस्य ध्यान भटकाता और दूसरा बैग या सामान छीन लेता था। इसके बाद स्कूटी से फरार हो जाते थे। पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी से दिल्ली कैंट थाने के 4 चोरी के मामले सुलझ गए हैं।
ये सामान हुआ बरामद
दो गोल्ड रिंग्स
एक जोड़ी ईयररिंग्स
दो जोड़ी झुमके
गोल्ड चेन
गोल्ड नोज पिन
सिल्वर बैंगल
3 हजार डॉलर
10 हजार रुपये
पासपोर्ट
पीआर कार्ड और मोबाइल
स्कूटी




