Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
राजधानी दिल्ली में गुरुवार को एक ही दिन तीन अलग-अलग जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं, जिनमें दो गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि एक गेहूं के खेत में आग लग गई। इन हादसों में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। पुलिस तीनों मामलों में आग लगने के कारण का पता लगा रही है।

पहली घटना खामपुर इलाके में हुई। यहां एक कार सवारियों को लेकर जा रही थी। अचानक कार में आग लग गई और लपटें तेजी से बढ़ने लगीं। ड्राइवर और यात्री तुरंत कार रोककर बाहर कूद गए। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार धू-धूकर जलकर राख हो गई। दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह से यातायात प्रभावित हो रहा था। इस वजह से क्रेन की मदद से कार को साइड पर किया गया। यहां से यात्री अलग अलग माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचे। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मामले में विस्तृत जांच जारी है।
द्वारका में घर के बाहर खड़ी कार में लगी आग
दूसरी घटना द्वारका सेक्टर-8 में हुई। यहां पर घर के बाहर सड़क किनारे दिवार के पास खड़ी गाड़ी धू-धूकर जलने लगी। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। यह आग आगे खड़ी गाड़ियों तक बढ़ने की संभावना थी, लेकिन गनीमत रही कि आग आगे नहीं बढ़ी। दमकल कर्मियों ने आग बुझाई।
खेत में गेहूं की फसल स्वाहा
तीसरी घटना रसुलपुर मुंडका रोड पर हुई। यहां गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। आग हवा की वजह से खेत में फैलने लगी। स्थानीय किसानों और राहगीरों ने तुरंत सूचना दी। दमकल की टीमें मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। खेत में खड़े गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचा। खेत में किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। दिल्ली पुलिस सभी जगहों पर पहुंचकर विस्तृत जांच कर रही हैं।
दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि तीनों जगहों पर आग बुझाने के लिए कई गाड़ियां लगाई गईं थी। खामपुर और द्वारका में गाड़ियों को पूरी तरह बचाना संभव नहीं हो सका, जबकि रसुलपुर मुंडका रोड पर खेत की आग को तेजी से काबू में लाया गया।




