Bilkuk Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
हरियाणा के गुरुग्राम में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई 24 फरवरी 2026 को थाना सेक्टर-65 पुलिस और नगर निगम अधिकारियों की मौजूदगी में सेक्टर-63ए क्षेत्र में की गई।

पुलिस के अनुसार गांव कादरपुर निवासी विनय पुत्र विजेंद्र और संजू पुत्र नारायण ने नगरपालिका (MCG) की लगभग दो करनाल सरकारी जमीन पर अवैध रूप से टीन शेड डालकर दुकानें बना रखी थीं। आरोप है कि ये कब्जा अपराध से अर्जित धन के माध्यम से किया गया था और इससे अनुचित लाभ लिया जा रहा था। नगर निगम के एसडीओ आर.के. मोंगिया, निरीक्षक रामबीर और पुलिस टीम की निगरानी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को हटाया गया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से और कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए संपन्न कराई गई।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। इनके विरुद्ध मारपीट, भय उत्पन्न करना, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामलों में विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। विनय के खिलाफ हाल के वर्षों में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हुए हैं, जबकि संजू पर भी हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और अन्य संगीन धाराओं में अनेक अभियोग दर्ज हैं।
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित संपत्ति और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उनकी अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर विधि अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन को भरोसा दिलाया है कि भूमाफियाओं, आदतन अपराधियों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




