Bilkul Sateek News
सोनीपत, 28 नवंबर। सोनीपत में आज सुबह नेशनल हाइवे-44 पर एक मछलियों से भरे कैंटर के पलट गया। कैंटर में भरी मछलियां हाईवे पर फैल गई। यह नजारा देखते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई, जिसकी वजह से हाईवे पर लंबा जाम लग गया। कैंटर दिल्ली जा रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर मछलियों को उठवाना शुरू किया। साथ ही कैंटर को सड़क से हटवाकर यातायात को धीरे-धीरे सुचारू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात फिर से सामान्य हो पाया।
कैंटर चालक अजय ने बताया कि वह पानीपत से दिल्ली के सुल्तानपुरी मंडी में मछलियां पहुंचाने जा रहा था। अचानक मुरथल फ्लाईओवर के पास कैंटर पलट गया। कैंटर के बीच हाईवे पर उलटने से बड़ी संख्या में मछलियां सड़क पर फैल गईं। अजय ने बताया कि इससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।




