Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 27 सितंबर। फरीदाबाद देररात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला उठा। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 और सेंट्रल की टीम के साथ दो अलग अलग जगह हुई मुठभेड़ों में दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दो घायलों समेत चार बदमाशों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए हैं। घायल दोनों बदमाशों को इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। क्राइम ब्रांच को बदमाशों के पास से 2 देसी कट्टे, 2 पिस्टल, 1 मैग्जीन, 6 कारतूस बरामद हुए है।
कपड़ा व्यापारी से 2 करोड़ की फिरौती मांगी थी –
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बडखल-पाली रोड पर कमला भड़ाना का एनकाउंटर किया गया है। कमला भड़ाना ने 27 अप्रैल को फरीदाबाद के एक कपड़ा व्यापारी के घर के बाहर गोली चलाकर 2 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी। सारण थाना पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया था। जिसके बाद से ही कमल भड़ाना फरार चल रहा था। पुलिस को सुबह 4 बजे के करीब सूचना मिली थी कि कमला भड़ाना अपने साथी गोलू के साथ सैनिक कालोनी के पास से गुजरेगा।
सूरजकुंड रोड पर एनकाउंटर –
क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 और सेंट्रल की टीम ने बडखल पाली रोड़ पर पुलिस चौकी सैनिक कालोनी से 100 मीटर दूर दोनों बदमाशों को पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया। क्राइम ब्रांच को देख दोनों बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी । जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने भी बदमाशों पर गोली चलाई। इस मुठभेड़ में कमला भड़ाना के पैर में गोली लग गई। जिसके बाद पुलिस ने कमल भड़ाना और उसके साथ गोलू को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस को जांच के दौरान उनके पास से 2 पिस्टल, 3 देसी कट्टा और बैग के अंदर से 1 पिस्टल, 1 मैग्जीन, 4 कारतूस मिले है। पुलिस ने घायल कमल भड़ाना को इलाज के बीके अस्पताल भेजा। जहां से उसको दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
सूरजकुंड रोड पर दूसरा एनकाउंटर –
क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 की टीम ने सूरजकूंड रोड पर दूसरे बदमाश शशिकांत उर्फ छिद्दा को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि शशिकांत अपने साथी रोहित के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है और हथियारों के साथ सूरजकुंड रोड से गुजरेगा। क्राइम ब्रांच की टीम ने सुबह करीब 4 बजे के करीब दोनों बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी।
बदमाशों के गोली चलाने के बाद पुलिस ने भी गोली चलाई जिसमें शशिकांत उर्फ छिद्दा को पैर में गोली लगी है। पुलिस ने शशिकांत को उपचार के लिए बीके अस्पताल भिजवाया, जहां से उसको दिल्ली के भेज दिया गया। पुलिस ने शशिकांत के साथ रोहित को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को बदमाशों के पास से 2 पिस्टल बरामद हुई है।
सब-इंसपेक्टर को लगी गोली –
इस मुठभेड़ के दौरान क्राइम ब्रांच के सब -इंसपेक्टर विजय कुमार को गोली लगी है। गनीमत रही कि बुलेट प्रूफ जैकेट के कारण गोली उसी में अटक गई। जिसके कारण वह पूरी तरह से सुरक्षित बच गए।
पुलिस कर रही है मामले की जांच।
क्राइम ब्रांच एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हुई है। जिसमें दो के पैरों में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। चारों बदमाश एक की ही ग्रुप के है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




