file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 24 सितंबर। गुरुग्राम में एक 15 वर्षीय छात्र ने कल रात 20वीं मंजिल से कूद कर आत्महत्या कर ली। नंबर कम आने पर पिता ने छात्र को डांटा था। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्र के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं, पूरा परिवार इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
सेक्टर-37डी की रामप्रस्थ सिटी सोसाइटी में रहने वाला आश्मान एक निजी स्कूल में 10वीं क्लास का छात्र था। उसके छमाही परीक्षा में उसको कम नंबर आए थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम को ड्यूटी से घर लौटे पिता को उसके कम नंबर आने को पता चला तो वे नाराज हो गए। इसके बाद पिता ने खाना खाया और बाहर निकल गए। उसके पिता रविश कुमार सेक्टर 15 की एक सुपर मार्केट में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
पिता के जाने के बाद आश्मान 20वीं मंजिल से कूद गया। उसके गिरने की आवाज सुनकर कई लोग और सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंचे। वहां पर आश्मान को खून में लथपथ पड़ा देख सबके होश उड़ गए। इतनी ऊंचाई से कूदने की वजह से आश्मान बुरी तरह से घायल हो गया था और उसने वहीं दमतोड़ दिया था।
जानकारी पाकर परिजन भी नीचे पहुंचे। जिसके बाद सिक्योरिटी स्टाफ ने इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सेक्टर 10 थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस फिलहाल 20वीं मंजिल से आश्मान के गिरने की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार यह घटना रात 10:30 बजे से 11:15 बजे के बीच की है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।




