Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सेक्टर-45 में घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी गोली चलाने वालों की मदद कर रहे थे और वारदात से पहले रैकी करने के साथ-साथ बाइक, हथियार और दूसरी जरूरी मदद उपलब्ध कराने में शामिल थे।

यह घटना 2 मई 2026 की रात की है। सेक्टर-40 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव कन्हई, सेक्टर-45 में सौरभ नाम के व्यक्ति के घर के बाहर दो बदमाशों ने फायरिंग की। उस समय सुरक्षा में तैनात सिपाही कुलबीर भी मौके पर मौजूद थे। फायरिंग के दौरान चली दो गोलियां सिपाही कुलबीर के हाथ और पैर को छूते हुए निकल गईं। घायल सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से अब उन्हें छुट्टी मिल चुकी है।
सिपाही कुलबीर की शिकायत पर सेक्टर-40 थाना में हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अशोक उर्फ पहलवान (रोहतक), सुमित (सोनीपत), मनोज काबर (रोहतक) और विक्की (सोनीपत) के रूप में हुई है। इनमें से अशोक, सुमित और मनोज को 4 मई को गिरफ्तार किया गया, जबकि विक्की को 5 मई को पकड़ा गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इन आरोपियों ने वारदात से पहले इलाके की रैकी की थी। साथ ही गोली चलाने वाले बदमाशों को बाइक, हथियार और दूसरी मदद भी उपलब्ध कराई। वारदात के वक्त ये आरोपी घटनास्थल के आसपास ही मौजूद थे ताकि जरूरत पड़ने पर बाकी आरोपियों की मदद कर सकें।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सौरभ और दीपक नांदल पहले से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते दीपक नांदल ने सौरभ को धमकी दी थी और उसी ने इस फायरिंग की साजिश रची।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
