Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के वजीरपुर गांव में एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी पति को अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी और चार बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी जान देने की कोशिश की थी।

पुलिस के मुताबिक, 2 मई को सेक्टर-93 पुलिस चौकी को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि वजीरपुर गांव के एक मकान में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
घर के कमरे में एक महिला और चार बच्चों के शव पड़े मिले। शुरुआती जांच में सामने आया कि सभी की मौत जहरीला पदार्थ देने और गला दबाने से हुई। मौके पर पहुंची क्राइम ब्रांच, फिंगरप्रिंट और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जांच में पता चला कि किराए के मकान में रहने वाला मोहम्मद नाजिम अपनी पत्नी नाजमा और चार बच्चों के साथ यहां रह रहा था। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला है और गुरुग्राम में एक सैलून पर काम करता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि नाजिम का अपनी पत्नी से अक्सर झगड़ा होता था। 2 मई को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद नाजिम ने घर में रखे कीटनाशक को कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर पत्नी और बच्चों को पिला दिया। इसके बाद सभी का गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
मृतकों की पहचान नाजमा (31), इकरा (13), शिफा (11), आयान (7) और खदीजा नूर (6) के रूप में हुई है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन वह बच गया। इलाज के बाद पुलिस ने 4 मई को उसे सेक्टर-10 सरकारी अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसी वजह से घर में अक्सर विवाद होता था। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है
