Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 19 मार्च 2026: गुरुग्राम के खेड़की दौला थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दहेज की मांग और लगातार प्रताड़ना से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 16 मार्च 2026 को दर्ज मामले में मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत दहेज की मांग और ससुराल पक्ष द्वारा किए जा रहे मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न के कारण हुई है। शिकायत में बताया गया कि महिला की शादी साल 2022 में हुई थी, जिसके बाद से ही उससे बार-बार दहेज मांगा जा रहा था।

परिजनों के मुताबिक, मांग पूरी न होने पर महिला के साथ मारपीट की जाती थी और उस पर करीब 50 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था। कई बार उसे घर से निकाल दिया गया और उसके साथ गंभीर रूप से दुर्व्यवहार किया गया।
15-16 मार्च की रात महिला सेक्टर-79 स्थित सिग्नेचर ग्लोबल ग्रीन सोसायटी के फ्लैट में मृत पाई गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। चौकी बार-गुर्जर प्रभारी उप-निरीक्षक जितेंद्र सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति दिनेश (31) को 17 मार्च को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पेशे से वकील है और पिछले करीब तीन वर्षों से गुरुग्राम में प्रैक्टिस कर रहा था। आरोपी को 18 मार्च को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




