Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 18 मार्च 2026: उधार के रुपए मांगना एक व्यक्ति के लिए भारी पड़ गया, जब आरोपियों ने पैसे लौटाने की बजाय हवा में फायर कर उसे डराने और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 9 मार्च 2026 को थाना बिलासपुर में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह एक व्यक्ति के पास काम करता है, जिसने ‘देबा’ नामक युवक को कुछ रुपए उधार दिए थे। जब वह पैसे वापस लेने गया, तो पहले उसे दो दिन बाद आने को कहा गया।
इसके बाद 8 मार्च को जब वह दोबारा पैसे लेने पहुंचा, तो देबा ने ‘संदीप’ नामक व्यक्ति के आने की बात कही। थोड़ी देर में संदीप मौके पर पहुंचा और आते ही हवा में गोली चला दी। इतना ही नहीं, उसने अगली बार पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। यह पूरी घटना पचगांव टोल क्षेत्र में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिलासपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया और जांच शुरू की।
अपराध शाखा मानेसर की टीम ने 16 मार्च को कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को डीएलएफ ग्रीन एक्सप्रेसवे, सेक्टर-1 मानेसर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप (34), पुनीत तंवर (26) और रवि उर्फ देबा (27) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि देबा केएमपी एक्सप्रेसवे पर चाय का खोखा चलाता है। उधार के पैसे मांगने पर उसने अपने साथियों को बुलाकर इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो कार, एक पिस्टल, एक खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
फिलहाल आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।




