Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
साइबर सिटी गुरुग्राम में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुग्राम STF को बड़ी सफलता मिली है। STF टीम ने छापेमारी कर करीब 8 किलो 940 ग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 36 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, STF को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में बड़ी मात्रा में नशे की खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी रोहित के ठिकाने पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर में रखी अलमारी से करीब 9 किलो हेरोइन बरामद हुई। बरामद नशे की खेप को तुरंत कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
STF के अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खेप पंजाब के रास्ते हरियाणा पहुंची थी। पूछताछ में आरोपी ने माना है कि वह नशे के कारोबार के जरिए जल्दी पैसा कमाना चाहता था और इस नेटवर्क में बड़ा नाम बनाना चाहता था।
फिलहाल आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। STF अब यह पता लगाने में जुटी है कि पंजाब में आरोपी के संपर्क किन लोगों से थे और हरियाणा में यह खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।
जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इस मामले में आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं और ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।

