Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव के एमजी रोड के पावर हाउस गेट के पास पांच दिन पहले मिले शव की शिनाख्त हो गई है, लेकिन मौत की परिस्थितियां अभी भी संदिग्ध बनी हुई हैं। मृतक की पहचान दार्जलिंग के उमेश के रूप में हुई है। वह गुड़गांव में कैटरिंग का काम करते थे। उनके परिजन के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
दरअसल पुलिस को 22 मार्च को उमेश का शव बरामद हुआ था। उमेश की छाती पर निशा नाम का टैटू गुदा था। निशा उमेश की पत्नी का नाम था। उसने यह टैटू अपनी पत्नी के लिए बनवाया था, लेकिन बाद में निशा व उमेश का तलाक हो गया। तलाक के बाद उमेश गुड़गांव में अकेला रहने लगा था। जब उसे काम से छुट्टी मिलती थी तो वह अपने घर जाता था। पुलिस ने मृतक के फोटो और डिटेल्स नॉर्थ ईस्ट राज्यों के लोगों के लिए काम करने वाली एक संस्था के पदाधिकारियों के साथ शेयर कीं थी, जिन्होंने परिवार को सूचना पहुंचाई। अब परिवार के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

जांच अधिकारी ओमप्रकाश के अनुसार, प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी चोट या अपराध का संकेत नहीं मिला है। मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।




