Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह। जिले की अपराध शाखा फिरोजपुर झिरका पुलिस ने अवैध हथियार रखने और ईद के जश्न में हवाई फायरिंग करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नसीम पुत्र असरुद्दीन, निवासी खटीक मोहल्ला, वार्ड नंबर-14, फिरोजपुर झिरका के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा, एक खाली कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को सोमवार देर शाम गिरफ्तार किया गया और उसके खिलाफ थाना शहर फिरोजपुर झिरका में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार के अनुसार, 23 मार्च को निरीक्षक सुभाष, प्रभारी अपराध शाखा फिरोजपुर झिरका के नेतृत्व में पुलिस टीम तिजारा रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नसीम नाम का युवक, जो पहले भी फायरिंग की घटना में शामिल रहा है, अवैध हथियार लेकर खेल स्टेडियम के पास खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से एक देशी कट्टा और खाली कारतूस बरामद हुआ। आरोपी हथियार का कोई लाइसेंस पेश नहीं कर सका।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने 21 मार्च को ईद के जश्न के दौरान हवाई फायरिंग की थी, जिसमें एक बच्चा घायल हो गया था। उस समय आपसी पहचान के चलते किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, लेकिन बाद में पुलिस ने संज्ञान लेकर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ गुरुग्राम जिले के भोंडसी थाने में भी विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हैं।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया जाएगा। नूंह पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




