Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 21 जुलाई। शिवरात्रि को देखते हुए गुरुग्राम में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। शिवरात्रि 23 जुलाई को है और इस दिन शिव मंदिरों में जलाभिषेक चढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िये अपने गंतव्य की ओर जाते हैं।
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक अहम एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के अनुसार गुरुग्राम में 23 जुलाई की मध्यरात्रि 12 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान एनएच-48 से गुरुग्राम की ओर किसी भी भारी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
यातायात पुलिस ने बताया कि भारी वाहन चालक अब महिपालपुर से दिल्ली एयरपोर्ट होते हुए अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे वे द्वारका एक्सप्रेसवे पर पहुंच सकेंगे। वहां से ये वाहन केएमपी एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक जा सकते हैं।
दिल्ली से राजस्थान, नूंह और फरीदाबाद जाने वाले वाहन केवल द्वारका एक्सप्रेसवे से ही निकलेंगे।
वहीं, झज्जर, रेवाड़ी और पटौदी की ओर जाने वाले वाहन द्वारका एक्सप्रेसवे होकर धनकोट और पटौदी कट के रास्ते जाएंगे।
उधर, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जाने वाले वाहन केएमपी रोड का प्रयोग करेंगे।
गुरुग्राम यातायात पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। सावन की शिवरात्रि के मौके पर बड़ी संख्या में कांवड़िए इन मार्गों पर चलेंगे। उनकी सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ये प्रतिबंध और वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने भारी वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करें और नियमों का सख्ती से पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।




