Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
एक युवक ने पहले शराब पी, फिर दर्जनभर गोलियां खाई और आखिर में सेक्टर 40 थाने के बाहर पेट्रोल छिड़ककर जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक की दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के सीतापुर गांव के रहने वाले अंकित यादव के रूप में हुई है। फिलहाल वह चंडीगढ़ में कैब चलाते थे और गुड़गांव आए हुए थे। पृथम दृश्यता प्रेमिका से झगड़ा इस आत्महत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, अंकित की प्रेमिका सेक्टर 31 इलाके में रहती थी। वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए अकसर चंडीगढ़ से गुड़गांव आता था। हाल ही में उसका उसकी प्रेमिका के साथ कुछ विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि प्रेमिका ने उसकी शिकायत पुलिस को कर दी। पुलिस ने उसे थाने बुलाया तो बुधवार रात वह गुड़गांव पहुंचा।
थाने में पहुंचने से पहले उसने शराब पी, इसके बाद पानी की बोतल में कई तरह की गोलियां डालकर वह पानी मिलाकर पी गया। कुछ देर बाद वह थाने के पास पहुंचा और अपने उपर पैट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इसका वीडियो अब काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के अनुसार, अंकित ने पहले शराब पी। इसके बाद उसने गोली खाई और फिर खुद पर पेट्रोल छिड़का आग लगा ली। उसकी चीखें सुनकर आसपास के लोग व पुलिस कर्मियों ने कपड़े, पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसे अंकित को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एम्स रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान गुरुवार रात को उसकी मौत हो गई।
जान देने से पहले बनाया वीडियो
अंकित ने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी गर्लफ्रेंड पर धोखा देने और थाने में झूठी शिकायत करने का आरोप लगाया। वीडियो में उसने कहा, ‘आज मैं उस स्टेज पर खड़ा हूं जहां मरने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा है। लड़की ने मुझ पर झूठे आरोप लगाए हैं। मैं उसे 3 साल से रखे हुए हूं और उसका खर्चा उठा रहा हूं। उसने मेरे से रुपये भी लिए हैं।’ यह वीडियो उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाला और परिवार वालों को भी भेज दिया।
थाने में जाने से पहले ही पेट्रोल छिड़क लगा ली थी आग
परिजन ने सेक्टर 40 थाने में युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं मामले से जुड़े पुलिस कर्मी ने कहा कि युवक थाने के अंदर नहीं गया था। पास खड़ी उसकी गाड़ी कब्जे में ले ली गई है। मामले में जांच की जा रही है। युवती से भी पूछताछ की जाएगी।




