Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 सितंबर। गुरुग्राम में 1 सितंबर को हुई तेज बारिश के बाद गुरुग्राम दिल्ली हाइवे पर देररात तक लगे लंबे जाम के वीडियो वायरल होने के बाद अब एक और नया वीडियो सामने आया है। इस वायरल वीडियो में एक शख्स इस महाजाम के दौरान अपनी स्कूटी को कंधे पर लादकर सड़क पार करता हुआ नजर आ रहा है।
वायरल वीडियो सोहना रोड गुरुग्राम का है। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि कैसे एक शख्स सफेद रंग की स्कूटी पर कंधे पर लादे हुए है और एक अन्य शख्स स्कूटी को आगे की तरफ से पकड़ कर जाम में फंसी हुई गाड़ियों के बीच से निकलते हुए सड़क को पार कर रहे हैं। दो दिन पहले इंस्टाग्राम पर जारी इस वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं और 88 हजार से अधिक इसको लाइक्स कर चुके हैं। इस वीडियो को जारी करते हुए लिखा गया है कि गुरुग्राम ट्रैफिक का एकमात्र समाधान, अब यही करना पड़ेगा!
बाहुबली के गाने पर वायरल इस वीडियो पर तेजी सेे प्रतिक्रियाओं की भी बाढ़ आ गई। जिसमें किसी ने टिप्पणी की, ‘कृपया 4/6/8 पहिया वाहनों के मालिकों को ज्यादा ऊर्जा और शक्ति प्रदान करें। ताकि वे घर पहुंच सकें!’
एक अन्य ने अपनी प्रतिक्रिया में लिखा, ’नया व्यवसायः 500 रुपये में एक बाइक उठाओ और उसे दूसरी तरफ ले जाओ।’




