Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली एनसीआर से गैंगस्टर को हटाने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। चाहे वह दिल्ली पुलिस हो , उत्तर प्रदेश की पुलिस या फिर हरियाणा पुलिस। गैंगस्टरों को जहां एक तरफ जेलों में भेजा जा रहा है, धड़ाधड़ एनकाउंटर किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी और उनकी काली कमाई को भी ध्वस्त किया जा रहा है। कहीं पर बुलडोजर चल रहा है तो कहीं पर अवैध संपत्ति को सीज किया जा रहा है। इसी कड़ी में जहां गुड़गांव में गैंगस्टर कौशल चौधरी की 50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चला वहीं दिल्ली में भी गैंगस्टर के खिलाफ एक्शन देखने को मिला।
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस की एंटी-ऑर्गनाइज्ड क्राइम टीम (एएटीएस) ने संगठित अपराध और गैंगस्टर की काली कमाई के खिलाफ कार्रवाई की है। कुख्यात गैंगस्टर जितेंद्र उर्फ जीतू की करीब 5 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया है। ये संपत्तियां जुए और अन्य आपराधिक गतिविधियों से अर्जित की गई थीं। इस दौरान बुनकर कालोनी के कई मकान, एक टोयोटा फॉर्च्यूनर और एक महिंद्रा थार रॉक्स शामिल है। इसके अलावा कई बैंक खाते भी फ्रीज किए गए हैं। इन सभी संपत्तियों को धारा 107 BNSS के तहत फ्रीज किया गया है। रोहिणी कोर्ट ने अंतरिम फ्रीजिंग आदेश पारित किया है। अब इन संपत्तियों की खरीद-फरोख्त कोर्ट की अनुमति के बिना नहीं हो सकेगी।

जुए से पैसे कमा खरीदता था महंगी गाड़ी
जितेंद्र उर्फ जीतू भारत नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वह वर्ष 2004 से अपराध करने लगा था। जुआ, हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे 15 से अधिक मामलों में शामिल रहा है। जांच में पता चला कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर जुए से काली कमाई करता था। इस काली कमाई से उसने महंगी गाड़ियां और कई मकान खरीदे थे। उसकी पत्नी ज्योति भी इस काली कमाई को वैध संपत्ति के रूप में दिखाने में सक्रिय भूमिका निभा रही थी।
गुड़गांव में भी गैंगस्टर की 50 करोड़ की संपत्ति पर चला बुलडोजर
बता दें कि गुड़गांव पुलिस ने भी गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी की 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति पर बुल्डोजर चला दिया। गुड़गांव के ही नाहरपुर रूपा इलाके में गैंगस्टर ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की 1500 वर्ग गज से ज्यादा की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। इस जमीन पर मकान और दुकानें बनाकर मोटी कमाई खा रहा था। पुलिस ने इसे ध्वस्त कर दिया। बता दें कि कौशल चौधरी मूल रूप से इसी गांव का रहने वाला है। वह 37 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है दर्ज हैं। फिलहाल वह बंबीहा गैंग से जुड़ा हुआ है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग का विरोधी है। ज्योति की तरह गैंगस्टर कौशल चौधरी की पत्नी भी रंगदारी जैसे मामलों में शामिल थी। पुलिस ने करीब 5 महीने पहले उसको गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि संगठित अपराधियों की आर्थिक रीढ़ को तोड़ने के लिए ऐसी कार्रवाइयां लगातार की जाएंगी। अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर अपराधियों पर लगातार वार किया जाएगा।




