Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 6 दिसंबर। गुरुग्राम जिले के मानेसर नगर निगम की मेयर इंद्रजीत कौर यादव सोमवार से ‘आपकी मेयर आपके द्वार’ कार्यक्रम के पहले चरण की शुरुआत करेंगी। जिसके तहत निगम क्षेत्र के सभी गांवों में जनता दरबार आयोजित किए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य निगम से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। कार्यक्रम में अधिकारी ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान करेंगे।
मेयर इंद्रजीत यादव के 8 दिसंबर से शुरू होने वाले ‘आपकी मेयर आपके द्वार’ कार्यक्रम में मेयर के साथ नगर निगम की सिविल, हॉर्टिकल्चर, इलेक्ट्रिकल, सेनिटेशन और टैक्स ब्रांच के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
मेयर इंद्रजीत यादव ने बताया कि कार्यक्रम नगर निगम के विकास और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करेगा। इससे निगम क्षेत्र में आमजन को आसानी और पारदर्शिता के साथ स्थानीय समस्याओं का समाधान मिल सकेगा। ग्रामीण सीधे अधिकारियों से संवाद स्थापित कर अपने मुद्दे और समस्याओं का निवारण करा सकेंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित अधिकारी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे।
मेयर और निगम अधिकारियों के स्वयं लोगों के पास जाकर समस्याएं जानने से नगर निगम के प्रति जनता का विश्वास बढ़ेगा। कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर निगम प्रशासन और जनता के बीच के फासले को कम करने का प्रयास है। इसका लक्ष्य ग्रामीण इलाकों में पानी की आपूर्ति, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का समाधान करना है।
पहले सप्ताह का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। सोमवार को गांव झुंड सराय की एससी चौपाल, मंगलवार को गांव अलियर के शिव मंदिर, बुधवार को गांव ढाणा के शहीद पार्क, बृहस्पतिवार को गांव बांस कुसला के माता मंदिर और शुक्रवार को गांव नैनवाल के कम्युनिटी सेंटर में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनता दरबार का आयोजन होगा।
इस दौरान ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर मेयर और निगम अधिकारियों से मिल सकेंगे।



