Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 सितंबर। गुरुग्राम पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक नेपाली शातिर चोर घायल हो गया है। चोर ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग की थी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। मुठभेड़ के दौरान कुल छह राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने उसके पास से 1 पिस्तौल, 1 कारतूस, 1 बैग जिसमें 1 लोहा काटने का कट्टर, 1 प्लास, 1 पेचकस तथा घटनास्थल से कारतूस के छह खाली खोल भी बरामद किए हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी नेपाल से फेसबुक के जरिए अपने गैंग को ऑपरेट करता था। वह बस से भारत आता था और यहां घरों में काम करने वाले नेपाली मूल के नौकरों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था और चोरी का माल टैक्सी में लेकर नेपाल चला जाता था और वहां उसको बेच देता था। वह हर बार नए नाम और नई id के साथ भारत आता था। वह अपने गैंग के साथ मिलकर परिवार वालों को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करके चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी की पहचान नेपाल के कैलाली जिले के वार्ड नम्बर-9 टिकनपुर के निवासी 35 वर्षीय जगत बहादुर के रूप में हुई। आरोपी ने पिछले साल अपने गैंग के साथ मुंबई में करीब 20 लाख की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर 43 प्रभारी नरेन्द्र को सूत्रों से एक सूचना नेपाल मूल के जगत बहादुर जो विभिन्न संगीन वारदातों को अंजाम दे चुका है तथा किसी बड़ी अपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में वजीराबाद से ताऊ देवीलाल पार्क के पिछले वाले रास्ते पर घूमने के सम्बन्ध में प्राप्त हुई।
जिसके बाद उच्च अधिकारियों, पुलिस कंट्रोल रूम और थाना सेक्टर-53 को सूचना देते हुए एक टीम का गठन किया गया। टीम तुरंत बताई गई जगह पर पहुंची।
पुलिस ने जब जगत को देखा तो उसे रुकने के लिए कहा, परन्तु उसने पुलिस पर सीधी गोली चला दी और गोली सरकारी गाड़ी पर लगी। पुलिस ने हवाई फायरिंग करते हुए उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने फिर से पुलिस पर फायर कर दिए।पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए आरोपी लगातार फायर करता रहा तो पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए एक फायर आरोपी के पैरों में किया। गोली जगत बहादुर
के दाहिने पैर में लगी और वह वही पर घायल होकर गिर गया। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस टीम द्वारा पुलिस की FSL व सीन-ऑफ-क्राइम की टीमों को घटनास्थल पर बुलवाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया तथा आरोपी द्वारा सरकारी कार्य में बाधा डालने व पुलिस पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने पर उसके खिलाफ पुलिस थाना सेक्टर-53 में BNA व शस्त्र अधिनियम की सम्बन्धित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस अनुसंधान के दौरान ज्ञात हुआ कि जगत बहादुर नेपाल का रहने वाला है और यह अपना नाम बदलकर/फर्जी नाम से फेसबुक के माध्यम से नेपाल के ऐसे लोगों (नेपाल के लड़के/लड़कियों) दोस्ती करता है, जो भारत में किसी के घर में रहकर नौकरी कर रहा हो। उससे दोस्ती करने के बाद वह बदले हुए फर्जी नाम से फर्जी ID बनाकर भारत आता था। साथ फेसबुक पर बनाए गए दोस्त के साथ मिलकर मकान मालिक व उसके घरवालों को किसी पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर देता था और मकान/घर से चोरी करके वापस नेपाल चला जाता था। यह नेपाल से भारत बस से आता है और चोरी करने के बाद चोरी के सामान को टैक्सी में रखकर वापस नेपाल ले जाता है और अगली बार फिर से नया फर्जी नाम और उसी नाम की फर्जी ID लेकर भारत आता है और उपरोक्त प्रकार से वारदात करके वापस नेपाल चला जाता है। आरोपी ने पिछले साल अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मुम्बई में भी इसी प्रकार से करीब 20 लाख की चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था।
जगत बहादुर को कैलाली नेपाल पुलिस ने 14.07.2025 को महिला साथी बबीता के साथ भारत से चोरी करके ले जाए गए सामान को बेचने के आरोप काबू करके इसके खिलाफ अभियोग संख्या 847/2025 जिला जेल कैलाली नेपाल में अंकित करके जेल भेजा था। आरोपी 9 अगस्त को नेपाल जेल से बहार आया था। जेल से बाहर आते ही 1 दिन बाद 11 अगस्त को भारत में अगली वारदात को अंजाम देने के लिए चल दिया और अभी गुरुग्राम में रहकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, परन्तु वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
आरोपी के अपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि उसके खिलाफ उपरोक्त प्रकार की वारदातों को अंजाम देने का 1 अभियोग गुरुग्राम में, 1 अभियोग पंजाब में व 2 अभियोग उत्तराखंड में अंकित है तथा उनके खिलाफ चोरी का सामान बेचने के सम्बन्ध में 1 अभियोग नेपाल में और 1 अभियोग मुंबई में अंकित है।




