
चंडीगढ़: हरियाणा के आठ जिलों में अचानक से घना कोहरा छा जाने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हिसार, रोहतक, भिवानी, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, जींद, चरखी दादरी, सिरसा, फतेहाबाद और रोहतक में कोहरा इतना गहरा था कि विजिबिलिटी शून्य हो गई और वाहन चालक अपनी लाइट जलाकर रेंगते हुए दिखाई दिए। धुंध ने वाहनों की रफ्तार धीमी कर दी, जिससे सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
मौसम विभाग ने आज रात से लेकर 5 फरवरी तक हरियाणा में बारिश की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिक एमएल खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 1 फरवरी से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिसका फायदा गेहूं उत्पादक किसानों को मिलेगा। हालांकि, अगर बारिश ज्यादा होती है या तेज हवाएं चलती हैं, तो सरसों की फसल को नुकसान हो सकता है।
हाल ही में बढ़ते तापमान ने गेहूं उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ा दी थी, क्योंकि गर्मी की वजह से गेहूं जल्दी पकने लगा था। लेकिन अब अचानक मौसम में बदलाव आया है, जिससे ठंड में वृद्धि होगी। इस बदलाव से अगले दो दिन तापमान में कमी आ सकती है, और बादल भी छा सकते हैं।
हरियाणा के जींद जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि हवा की गति 6 किलोमीटर प्रति घंटा रही। जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 154 दर्ज किया गया, जो थोड़ा खराब श्रेणी में आता है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन तापमान में गिरावट आएगी और बादल छाने की संभावना है, जिससे ठंड में और वृद्धि हो सकती है। इस बदलाव से किसानों को राहत मिल सकती है, लेकिन तेज बारिश से फसलों को नुकसान भी हो सकता है।