फरुखनगर थाना क्षेत्र में सवारी के बहाने ऑटो में बैठाकर युवक से मारपीट, लूटपाट और UPI के जरिए रुपये ट्रांसफर कराने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो रिक्शा और 1700 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पीड़ित 22 वर्षीय युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह काम की तलाश में गुरुग्राम आया था। ताजनगर रेलवे स्टेशन के पास ऑटो का इंतजार करते समय एक पीले ऑटो में सवार युवकों ने उसे फरुखनगर छोड़ने का झांसा दिया। रास्ते में उसके साथ मारपीट कर नकदी, बैग और मोबाइल फोन लूट लिया गया, साथ ही UPI के माध्यम से 11 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर करवा लिए गए।
पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए 5 फरवरी 2026 को जमालपुर चौक से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज, कृष्ण और सन्नी के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने सवारी को लूटने की योजना पहले से बनाई थी। पुलिस के अनुसार आरोपियों में से एक पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।



