गुरुग्राम, 7 फरवरी:
एशियन राइफल/पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन 2 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एशिया के 35 देशों के निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में पुरुष, महिला, जूनियर और यूथ वर्ग में राइफल और पिस्टल स्पर्धाएं शामिल हैं।
गुरुग्राम जिले के गढ़ी हरसरू गांव की बेटी प्रियंशी पुरवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

जैसे ही गढ़ी हरसरू निवासी महेंद्र सिंह को अपनी पोती प्रियंशी की इस सफलता की खबर मिली, वे भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह पूरे परिवार और गांव के लिए गर्व का क्षण है। प्रियंशी की जीत की खुशी में गांव के लोगों ने मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी।
प्रियंशी की मेहनत, लगन और अनुशासन ने यह साबित कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उनकी यह सफलता क्षेत्र की अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
पूरा क्षेत्र प्रियंशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है और उम्मीद करता है कि वह आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी देश के लिए इसी तरह पदक जीतती रहेंगी।



