गुरुग्राम , 7 फरवरी 2026
फर्जी पोर्टल के जरिए स्टॉक ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर की गई साइबर ठगी के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक बैंक डिप्टी मैनेजर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 01 नवंबर 2025 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध दक्षिण, गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी मोबाइल ऐप के माध्यम से उसे स्टॉक व आईपीओ ट्रेडिंग में निवेश का लालच देकर ठगी का शिकार बनाया गया। शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध श्री प्रियान्शु दिवान (HPS) के नेतृत्व में थाना साइबर अपराध दक्षिण की टीम ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान शुभम, निवासी उत्तम नगर, दिल्ली तथा सौरव (33 वर्ष), निवासी दक्षिणपुरी, जिला नालंदा (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी शुभम को 05 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था, जबकि आरोपी सौरव को 06 फरवरी 2026 को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ठगी की गई राशि में से 5 लाख 80 हजार रुपये आरोपी आकाश कुमार के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे, जिसे 5 प्रतिशत कमीशन पर आरोपी शुभम को दिया गया था। शुभम ने यह राशि एक अन्य बैंक खाते (यस बैंक) में ट्रांसफर कर निकाली। यह खाता आरोपी सौरव द्वारा उपलब्ध कराया गया था।
आरोपी सौरव वर्तमान में कोटक महिंद्रा बैंक की जनकपुरी शाखा, दिल्ली में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत है और उसने खाता उपलब्ध कराने के बदले 10 हजार रुपये कमीशन लेने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी शुभम को पुलिस रिमांड के बाद तथा आरोपी सौरव को 07 फरवरी 2026 को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।



