गुरुग्राम, 16 फरवरी 2026।
Gurugram Traffic Police ने सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह में कुल 11,556 चालान काटे हैं। यह कार्रवाई 9 फरवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 के बीच पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन, IPS के नेतृत्व में चलाए जा रहे #ChallanNahiSalamMilega अभियान के तहत की गई। इस दौरान कुल 1 करोड़ 39 लाख 70 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

मैदानी स्तर पर 11,034 चालान किए गए, जिनमें सबसे अधिक मामले रॉन्ग साइड ड्राइविंग के रहे। आंकड़ों के अनुसार रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 1,675, रोड मार्किंग उल्लंघन के 391, पिलियन राइडर बिना हेल्मेट के 748, बिना सीट बेल्ट के 821 और ड्राइवर बिना हेल्मेट के 750 चालान किए गए। इसके अलावा ड्रंक एंड ड्राइव के 377, रॉन्ग पार्किंग के 1,164, डेंजरस यू-टर्न के 305, ट्रिपल राइडिंग के 155, ओवरस्पीड के 49, वाहन चलाते समय मोबाइल उपयोग के 63, ध्वनि प्रदूषण के 35 और लेन चेंज के 375 मामले दर्ज किए गए।
कैमरों के माध्यम से भी 522 चालान किए गए। इनमें नो एंट्री के 286, ओवरस्पीडिंग के 5, ड्राइवर बिना हेल्मेट के 28, प्रदूषण के 31, पिलियन राइडर बिना हेल्मेट के 11, फ्रंट पैसेंजर बिना सीट बेल्ट के 37 तथा ड्राइवर बिना सीट बेल्ट के 124 मामले शामिल हैं।
यातायात पुलिस द्वारा विशेष रूप से NH-48, Dwarka Expressway और Mumbai Expressway पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। NHAI कैमरों और ड्रोन तकनीक की मदद से लेन चेंज और ओवरस्पीडिंग जैसे उल्लंघनों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और अनुशासन कायम रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
अभियान के तहत जागरूकता पर भी समान रूप से जोर दिया जा रहा है। “सुरक्षा रथ” के माध्यम से 16 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 530 से अधिक नागरिकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों, डायल 112 और हेल्पलाइन नंबर 1095 के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को अपनी लेन में वाहन चलाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचने, गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, हेल्मेट और सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए “ट्रैफिक मित्र” पहल भी शुरू की गई है। इसके तहत अब तक 180 से अधिक नागरिक आवेदन कर चुके हैं, जबकि 39 ट्रैफिक मित्रों को ट्रैफिक टावर स्थित TEC (IRTE) सेंटर में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इच्छुक आवेदकों के लिए शर्त है कि वे गुरुग्राम के स्थायी निवासी या कार्यरत हों, शिक्षित हों और सामाजिक सेवा की भावना से कार्य करने के इच्छुक हों।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करें और नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाने में भागीदार बनें। शहर की सड़कों पर अब साफ संदेश है—नियमों का सम्मान करेंगे तो सलाम मिलेगा, उल्लंघन करेंगे तो चालान तय है।
Bilkul Sataek News
Gurugram Traffic Police
NH-48
Dwarka Expressway
Traffic Challan
Road Safety



