फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक लड़की के साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। बदमाशों ने युवक पर चाकू से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक के शरीर पर लगभग एक दर्जन चाकू के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।

यह मामला फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय जय सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पलवल जिले का रहने वाला था। वह पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद के पल्ला इलाके में अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ रह रहा था और परिवार का एकमात्र सहारा था।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात जय सिंह अपने दोस्त सौरव के साथ घर के बाहर बने एक खाली मैदान में गाड़ी में बैठा हुआ था। उसी दौरान पास में कुछ युवक एक लड़की के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। लड़की के भाई ने इसकी जानकारी जय सिंह को दी। जय सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए छेड़छाड़ कर रहे युवकों का विरोध किया और उन्हें मौके से भगा दिया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद जय सिंह अपने दोस्त के साथ गाड़ी में बैठकर खाने-पीने लगा। कुछ समय बाद वही युवक साजिश के तहत दोबारा मौके पर पहुंचे। उस समय जय सिंह गाड़ी में बैठा था, जबकि उसका दोस्त सौरव गाड़ी से उतरकर पास गया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने गाड़ी की खिड़कियां खोलकर जय सिंह पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल जय सिंह को उसका दोस्त सौरव तुरंत विकास अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जय सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
मृतक के चचेरे भाई सुखबीर ने बताया कि जय सिंह पर लगभग एक दर्जन बार चाकू से वार किया गया। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस पक्ष का कहना है कि मृतक के भाई की शिकायत पर दो नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना पल्ला प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छेड़छाड़ के विरोध की रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।



