गुरुग्राम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का एक्शन मोड, जनसुनवाई से लेकर खेल सम्मान तक व्यस्त कार्यक्रम
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज साइबर सिटी गुरुग्राम के दौरे पर हैं, जहां उनका दिन प्रशासनिक जवाबदेही और खेल प्रोत्साहन को समर्पित नजर आ रहा है।

दौरे की शुरुआत जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक से हुई, जिसमें मुख्यमंत्री सीधे तौर पर आमजन की समस्याएं सुन रहे हैं। ग्रीवांस कमेटी की इस बैठक में कुल 17 परिवाद मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए जा रहे हैं। सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। मुख्यमंत्री न केवल शिकायतों पर विभागीय फीडबैक ले रहे हैं, बल्कि कई मामलों में तुरंत आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर रहे हैं, ताकि समस्याओं का समाधान कागजों तक सीमित न रह जाए, बल्कि ज़मीनी स्तर पर समयबद्ध तरीके से हो। खेलों को मिलेगा नया उत्साह जनसुनवाई के बाद मुख्यमंत्री का फोकस खेल जगत पर रहेगा। दोपहर में वह ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में समर्थ ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड और क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड्स इन इंडिया द्वारा आयोजित इंडसइंड बैंक नागेश ट्रॉफी के 8वें संस्करण का शुभारंभ करेंगे। यह राष्ट्रीय पुरुष दृष्टिहीन क्रिकेट प्रतियोगिता देशभर के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का मंच बनेगी।
राष्ट्रीय खेलों के सितारों का सम्मान
इसी क्रम में ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम के एथलेटिक ग्राउंड में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री उत्तराखंड में हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। इस भव्य आयोजन में 48 स्वर्ण, 47 रजत और 58 कांस्य पदक विजेताओं सहित कुल 689 खिलाड़ी और कोच सम्मान पाएंगे।
खास बात यह है कि भारतीय महिला हॉकी टीम की सशक्त पहचान बनीं और हाल ही में पद्मश्री से सम्मानित खिलाड़ी सविता पुनिया को भी विशेष सम्मान दिया जाएगा।
सीएम कप-2025 का आगाजदौरे के समापन पर मुख्यमंत्री सीएम कप-2025 का विधिवत शुभारंभ करेंगे, जिससे प्रदेश में खेल संस्कृति को नई दिशा और युवा प्रतिभाओं को नया मंच मिलने की उम्मीद है।



