Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 27 मार्च। नगर निगम गुरुग्राम (MCG) द्वारा बसई रोड पर आवश्यक सड़क निर्माण कार्य के चलते आगामी तीन दिनों तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। यह कार्य सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल के पास किया जाएगा, जहां भारी यातायात को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है।

नगर निगम के अनुसार, सड़क पर अधिक ट्रैफिक दबाव होने के कारण कार्य के दौरान प्रभावित हिस्से को आंशिक या पूर्ण रूप से बंद किया जा सकता है, ताकि काम को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
यह कार्य 28 मार्च से 30 मार्च 2026 (दोपहर तक) किया जाएगा। निर्माण कार्य का समय रात 10:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिससे दिन के समय यातायात पर न्यूनतम प्रभाव पड़े।

यातायात को सुचारू बनाए रखने और सेक्टर-10 सरकारी अस्पताल तक एंबुलेंस व अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। बसई रोड से अस्पताल की ओर आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए जाएंगे।
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार ने गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस से अनुरोध किया है कि कार्य अवधि के दौरान आवश्यक ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात प्रबंधन बेहतर तरीके से किया जा सके।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कार्य समय पर पूरा हो सके और भविष्य में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो।




