Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 19 मार्च 2026: सेक्टर 17A स्थित रोटरी पब्लिक स्कूल एवं स्किल डेवलपमेंट सेंटर के भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह का आयोजन रोटरी क्लब गुरुग्राम (आर.आई. डिस्ट्रिक्ट 3011) द्वारा बड़े ही भव्य तरीके से किया गया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रविंद्र गुगनानी और मोनिका गुगनानी ने विधिवत भूमि पूजन कर परियोजना की आधारशिला रखी।

यह परियोजना शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। समारोह को संबोधित करते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रविंद्र गुगनानी ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य केवल सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने इस प्रकल्प को “भविष्य निर्माण की आधारशिला” बताया।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट अजीत जालान और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी डॉ. पुष्पा सेठी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और रोटरी क्लब गुरुग्राम की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह स्किल डेवलपमेंट सेंटर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. सुशील खुराना ने विद्यालय के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह संस्थान लंबे समय से वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है और यह नया विस्तार उसी दिशा में एक और कदम है।
रोटरी क्लब गुरुग्राम एवं रोटरी सर्विस ट्रस्ट के चेयरमैन सुभाष चंद सिंगला ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह परियोजना सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है।
डॉ. मनदीप किशोर गोयल ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि नया परिसर आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण मिल सकेगा। कार्यक्रम का संचालन भी उन्होंने ही किया।
अंत में क्लब सचिव राजीव कुमार गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3011 के कई वरिष्ठ सदस्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।





