Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सोहना मार्ग स्थित फ्लाईओवर पर देर रात एक ऐसा हादसा हुआ जिसने कुछ ही पलों में सबकुछ बदल दिया। सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप गाड़ी के पास खड़े लोगों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि नूंह जिले के टपकन गांव से कुछ लोग पिकअप वाहन में टमाटर भरकर गुरुग्राम की सब्जी मंडी की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक गाड़ी का पिछला टायर जवाब दे गया। मजबूरी में सभी ने फ्लाईओवर किनारे वाहन रोककर उसे ठीक करना शुरू कर दिया।
करीब पंद्रह मिनट तक सब सामान्य रहा, लेकिन जैसे ही वे आगे बढ़ने की तैयारी में थे, पीछे से आई तेज रफ्तार कैंटर ने मौके पर खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सोहना के नागरिक अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने सुले खां को मृत घोषित कर दिया, जबकि खालिद की हालत नाजुक होने पर उसे आगे रेफर करना पड़ा। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।




