Bilkul Sateek News
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर। दिल्ली एनसीआर में आज कई जगह हुई बारिश ने रावण दहन के उत्साह को कम कर दिया। कई जगह पुतले भीग गए, जिससे आयोजकों को उनको दहन करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पूर्वी दिल्ली के वसंधुरा एन्कलेव का भी कुछ ऐसा ही नजारा था। यहां पर भी रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों के दहन के लिए श्री रामलीला कमेटी वसंधुरा एन्कलेव के आयोजकों के पसीने छूट गए। यहां आज शाम यहां लगभग 5 बजे हुई तेज बारिश से तीनों पुतले पूरी तरह से भीग गए थे। रावण वध के मंचन के बाद सबसे पहले मेघनाथ के पुतले को आग लगाई गई। आग पकड़ने में पुतले ने कुछ देर लगाई और इसके बाद पुलते में लगे बम पटाखे फटने लगे। एकबारगी लगा की पुतला पूरा जल जाएगा, लेकिन पुतले में लगी आग फिर शांत होने लगी। ऐसा ही हाल रावण और कुंभकरण के पुतले का भी हुआ। बार-बार कोशिश करने और तेल डालने के बाद भी पुतलों ने जब आग नहीं पकड़ी तो इन्हें बारी-बारी से जमीन पर गिराया गया। इसके बाद भी आयोजक इन पुतलों में आग लगाने में जद्दोजहद करते नजर आए।
आपको बता दें कि दशहरे के अवसर पर कारगिल पेटोल पंप के सामने आयोजित होने वाले पुतला दहन कार्यक्रम को देखने के लिए न्यू अशोक नगर, दल्लूपुरा, कोंडली, त्रिलोकपुरी आदि से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।



