मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत फ्लैट बुकिंग के लिए 6 फरवरी तक बढ़ी अंतिम तिथि
आवेदन के लिए ₹10 हजार की बुकिंग राशि व एफिडेविट अनिवार्य : एडीसी सोनू भट्ट
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 फरवरी। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र परिवारों को किफायती दर पर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में गुरुग्राम जिले में फ्लैट बुकिंग के लिए अंतिम तिथि में 2 दिन की बढ़ोतरी कर, इसे 6 फरवरी किया गया है।
एडीसी सोनू भट्ट, जोकि जिला में योजना के नोडल अधिकारी भी हैं, ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत निगम क्षेत्र से कुल 12,384 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से पहले चरण की वेरिफिकेशन प्रक्रिया में 4,728 आवेदन पात्र पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि केवल वही परिवार फ्लैट बुकिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं, जो पहले चरण की जांच में पात्र पाए गए हैं। एडीसी ने बताया कि पात्र आवेदकों को ₹10,000 की बुकिंग राशि तथा निर्धारित एफिडेविट 4 फरवरी तक अनिवार्य रूप से जमा करवाने थे, लेकिन अभी करीब 1500 ऐसे पात्र आवेदक है जिन्होंने बुकिंग नहीं कराई है। ऐसे में उन्हें अतिरिक्त समय देते हुए बुकिंग तिथि को 6 फरवरी तक बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि जो आवेदक निर्धारित अंतिम तिथि तक बुकिंग राशि व एफिडेविट जमा नहीं करेंगे, उनके आवेदन स्वतः निरस्त माने जाएंगे और ऐसे आवेदक को आगे की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
एडीसी ने बताया कि बुकिंग के उपरांत दूसरे चरण की वेरिफिकेशन प्रक्रिया की जाएगी। इसके पश्चात अंतिम रूप से पात्र पाए गए लाभार्थियों को ड्रा प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। ड्रा में चयनित लाभार्थियों को शेष ₹1 लाख 40 हजार की राशि जमा करानी होगी। वहीं, जिन आवेदकों का ड्रा में चयन नहीं होगा, उनकी ₹10,000 की बुकिंग राशि वापस कर दी जाएगी। योजना के अंतर्गत नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आरक्षित फ्लैट्स का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया व निर्धारित नीति के अनुसार किया जा रहा है। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी हाउसिंग फॉर ऑल विभाग, हरियाणा की वेबसाइट https://hfa.haryana.gov.in पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए आवेदक 0172-2585852 पर संपर्क कर सकते हैं।



