Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 3 अक्टूबर। गुरुग्राम की एक पाश सोसाइटी में घरेलू नौकर ने महिला भाजपा नेता के घर से लाखों की चोरी कर ली। भाजपा नेता से जुड़ा हुआ मामला होने की वजह से पुलिस तुरंत एक्शन में आई और उसने नौकर का दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। नौकर नेपाल भगाने की फिराक में था। मालूम हो कि गुरुग्राम में आजकल नेपाली चोर गिरोह एक्टिव हैं। पुलिस हाल ही में एक मास्टरमाइंड समेत कुछ नेपालियो को गिरफ्तार कर चुकी है, जो नौकर बनकर घरों में चोरी की वारदातों का अंजाम देते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर 49 की हाई-प्रोफाइल ऑर्किड पेटल्स सोसाइटी में भाजपा की महरौली जिला अध्यक्ष ममता भारद्वाज के घर हुई लाखों रुपये की चोरी हुई है। वारदात को उनके घरेलू नौकर युवराज थापा ने अपने साथी भीम बहादुर जोरा के साथ मिलकर अंजाम दिया। उसे 8 दिन पहले ही काम पर रखा गया था। चोरी में करीब 20 लाख रुपये के सोने-हीरे के गहने और 2 लाख रुपये नकदी शामिल है।
हाई प्रोफाइल मामला सामने आते ही पुलिस भी तुरंत ही एक्टिव हो गई। सेक्टर 43 क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपियों को पकड़ने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस टीम ने 8 घंटे में मुख्य आरोपी युवराज थापा को दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। वह नेपाल भागने की फिराक में था।
ममता भारद्वाज A3M कंस्ट्रक्शन कंपनी की मालिक भी हैं और उसने आठ दिन पहले ही दिल्ली की एक एजेंसी के जरिए नेपाल निवासी युवराज थापा को घरेलू नौकर के रूप में रखा था। चोरी की घटना 2 अक्टूबर की सुबह करीब 8.30 बजे की है। उस समय ममता अपने पति अरुण भारद्वाज के साथ सोसाइटी के पार्क में टहलने गई थीं। इस दौरान युवराज ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
करीब आधे घंटे बाद जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर पता चला कि युवराज गायब था। बेडरूम की अलमारी का ताला टूटा हुआ था, जिसमें रखे 2 लाख रुपये नकद और 20 लाख रुपये के कीमती गहने गायब थे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों ने आनन फानन में दो टीमें गठित कीं। इनमें से एक को नेपाल के बनबासा बॉर्डर और दूसरी को दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे के लिए रवाना किया गया। आनंद विहार बस अड्डे के पास पुलिस ने युवराज थापा को पकड़ लिया।
तलाशी में उसके बैग से चोरी किए गए सोने के दो हार, एक चेन, एक अंगूठी, एक हीरे-सोने का ब्रेसलेट और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में युवराज ने बताया कि उसने अपने साथी भीम बहादुर जोरा के साथ मिलकर चोरी की थी। चोरी का माल दोनों ने आपस में बांट लिया था, जिसमें 2 लाख रुपये नकद और कुछ गहने भीम बहादुर के पास हैं। पुलिस अब दूसरे आरोपी भीम बहादुर जोरा की तलाश में जुटी है।



