Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 8 नवंबर। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम गुरुग्राम ने बैलेंसिंग बिट के सहयोग से स्वच्छता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विवेक मॉडल स्कूल सेक्टर-45 के विद्यार्थियों का दौरा सेक्टर-43 स्थित कम्पोस्टिंग साइट पर आयोजित किया। इस दौरे का उद्देश्य विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन, स्रोत पृथक्करण तथा कम्पोस्ट निर्माण की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराना था, ताकि भविष्य की पीढ़ी में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित हो सके।
विद्यार्थियों को दी गई विस्तृत जानकारी –
दौरे के दौरान कुलदीप हिन्दुस्तानी ने विद्यार्थियों को बताया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यदि हर परिवार अपने घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने की आदत डाल ले, तो करीब 80 प्रतिशत कचरा वहीं निपटाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को कम्पोस्ट प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी दिखाया, जिसमें गीले कचरे से जैविक खाद तैयार करने की विधि समझाई गई। साथ ही यह बताया गया कि सूखे कूड़े को रिसाइकल करके किस प्रकार दोबारा उपयोग में लाया जा सकता है, जो पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
रोगों की रोकथाम में स्वच्छता का महत्व –
प्रियंका यादव ने विद्यार्थियों को गंदगी से फैलने वाले संक्रामक रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड आदि के खतरे के बारे में सचेत किया। उन्होंने कहा कि घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्रों की सफाई केवल स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि समाज में एक सकारात्मक उदाहरण स्थापित करने के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने परिवारों, मित्रों व पड़ोसियों के बीच स्वच्छता संदेशवाहक बनें और कचरा अलग करो – देश स्वच्छ करो का संदेश अधिक से अधिक फैलाएँ।
सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं मौजूद नागरिकों को स्वच्छता शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है, जिसे रोजमर्रा की आदतों में शामिल करना आवश्यक है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्कृति अपार्टमेंट के मनोज चौहान सहित कई स्थानीय नागरिकों ने सहयोग दिया। उनकी सहभागिता ने इस पहल को और प्रभावी बनाया।
सब्जी मंडी में भी दी गई स्वच्छता जागरूकता –
इसी क्रम में नगर निगम की आईईसी एक्सपर्ट प्रियंका यादव ने सेक्टर-10 स्थित सब्जी मंडी में दुकानदारों व ग्राहकों को कपड़े के थैले के उपयोग, डस्टबिन रखने और अपने आसपास सफाई बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा आयोजित यह पहल न केवल निवासियों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराती है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार, ऐसे शैक्षिक दौरे विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना जगाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का वास्तविक प्रभाव तभी दिखाई देगा, जब आने वाली पीढिय़ाँ इसे जीवन का हिस्सा बनाएँगी। विद्यार्थियों को कम्पोस्टिंग, रिसाइक्लिंग और कचरा पृथक्करण की व्यावहारिक जानकारी देकर हम उन्हें न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में तैयार कर रहे हैं, बल्कि स्मार्ट और सतत् गुरुग्राम के लक्ष्य को भी मजबूत कर रहे हैं। निगमायुक्त ने यह भी कहा कि नगर निगम ऐसे कार्यक्रमों को आगे भी नियमित रूप से आयोजित करेगा, ताकि स्कूलों, कॉलोनियों और बाजारों में जन-जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।




