Bilkul Sateek News
गुरुग्राम (योगेश सैनी), 8 नवंबर। अब हरियाणा के पुलिसकर्मी आमजन से करेंगे सर कह कर बात, शिकायत मिली तो नपेंगे। यह कहना है यहां पहुंचे हरियाणा के डीजीपी आरपी सिंह का। डीजीपी ने यहां पर अधिकारियों के साथ एक बैठक की। जिसमें उन्होंने महत्वपूर्ण दिशानिर्देश दिए। इसके बाद डीजीपी आरपी सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को भी संबोधित किया।
अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान डीजीपी आरपी सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी अब आम नागरियों से सर और साहब कह कर बात करेंगे। उन्होंने एक बार फिर से अपने निर्देश को दोहराते हुए कहा कि जिन जगहों पर कैमरे लगे वहां यातायात पुलिसकर्मी बेवजह जांच ना करें। उन्होंने कहा कि बदहाल यातायात व्यवस्था को लेकर एक प्लान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रोड साइड इंजीनियरिंग के फाल्ट दूर कर ट्रैफिक जाम जैसी गंभीर हो चली समस्या का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि गुरुग्राम के ट्रैफिक का वॉल्यूम काफी ज्यादा है इसलिए भी यहां जाम जैसी समस्या बनी हुई है। इसे भी दूर किया जा रहा है।
विदेश में बैठे गैंगस्टरों पर डीजीपी आरपी सिंह ने कड़ा रवैया अपनाते हुए कहा कि ऐसे लोगों की जगह सिर्फ जेल में है और उन्हें बाहर रहने का कोई अधिकार नहीं है। हमारे एसपी एसटीएफ जॉर्जिया में मौजूद हैं और जितने भी गैंगस्टर विदेशों में बैठ कर यह सोच रहे हैं की कानून के लंबे हाथ उन तक नहीं पहुंचेंगे, इस भूल में ना रहें। हम उन्हें उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
वहीं, लगातार बढ़ते साइबर क्राइम के मामलों में पर डीजीपी आरपी सिंह ने कहा कि डिजिटल अरेस्ट गंभीर समस्या बनती जा रही है। हम न केवल मामले दर्ज कर रहे हैं, बल्कि ऐसे फ्रॉड करने वाले लोगों को गिरफ्तार कर उनके अंजाम तक पहुंचाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल अरेस्ट नाम की कोई चीज नहीं होती। हम महिलाओं को कभी थाने नहीं बुलाते।
डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि हम साइबर ठगी से निपटने के लिए काबिल लोगों को ट्रेंड करने में लगे हैं। चुनौती बढ़ती जा रही है और हम इस गंभीर चुनौती के लिए खुद को तैयार करने में लगे हैं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओ.पी. सिंह की अध्यक्षता में पुलिस आयुक्त कार्यालय गुरुग्राम में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में गुरुग्राम जिले के सभी DCsP, ACsP, SHsO अपराध शाखाओं के इंचार्ज सहित पुलिस कमिश्नरेट फरीदाबाद, झज्जर तथा पुलिस रेंज दक्षिण, रेवाड़ी के वरिष्ठ अधिकारी, एसटीएफ तथा पुलिस मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




