बुजुर्ग को किया डिजिटल अरेस्ट
बैंक मैनेजर ने होल्ड करवाए बैंक A/c
ठगों के 6 करोड़ हड़पने के अरमानों पर पानी फेरा
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 21 नवंबर। गुरुग्राम पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने एक्सिस बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर को 20 हजार रुपये का ईनाम व प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया है। बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर मीत ने अपने विवेक और सूझबूझ से 6 करोड़ रुपये की डिजिटल अरेस्ट की ठगी की वारदात को रोका था। साइबर ठगों द्वारा सीनियर सिटीजन से ठगी गई 64 लाख रुपये की राशि भी बैंक रिलेशनशिप मैनेजर द्वारा होल्ड कराई गई थी।
साइबर ठगों ने बुजुर्ग को अपराधिक मामले में संलिप्त होने का भय दिखाते हुए डिजिटल अरेस्ट करके 64 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर कराने की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना साइबर अपराध पूर्व में एक बुजुर्ग ने 18 नवंबर को एक लिखित शिकायत दी थी। जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसके पास एक कॉल आया था और कॉल करने वाले ने अपने आपको मुंबई पुलिस का अफसर बताया व बाद में अन्य लोगों से संपर्क करवाया जो अपने आपको सीबीआई व मुंबई पुलिस के बड़े अफसर बता रहे थे। जिन्होंने उसके मोबाइल नंबर व आधार कार्ड गैर कानूनी कार्य में प्रयोग होना बताकर उसके खिलाफ मुकदमा होने का भय दिखाया। इसके बाद ठगों ने उसे डिजिटल अरेस्ट करके रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस थाना साइबर अपराध पूर्व में तैनात मुख्य सिपाही कर्मवीर ने ठगी गई राशि को होल्ड कराने/ठगों के बैंक खातों को फ्रीज कराने के लिए तत्परता से कार्रवाई की। साथ ही मामले की गहनता से जांच की तो ज्ञात हुआ कि ठगों ने बुजुर्ग को डर दिखाते हुए घर पर ही डिजिटल अरेस्ट कर लिया था। तब शिकायतकर्ता ने डर से अपने 5 करोड़ 90 लाख रुपये के म्यूचुअल फंड रिडीम करके बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिया जो 3 दिन के अंदर बैंक खाते में ट्रांसफर होनी थी। 11.11.2025 को 20 लाख रुपये (SBI गोलमुरी जमशेदपुर, झारखण्ड ब्रान्च में) व 12.11.2025 को 44 लाख रुपये (एक्सिस बैंक बांद्रा, मुम्बई ब्रांच में) सहित कुल 64 लाख रुपये ट्रांसफर करवाकर ठगी कर ली गई थी। शिकायतकर्ता का बैंक खाता एक्सिस बैंक गुरुग्राम में था, इस बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर मीत साबरवाल (बैंक मैनेजर, एक्सिस बैंक शाखा गैलेरिया मार्केट, गुरुग्राम) को इन बैंक ट्रांजेक्शन पर संदेह हुआ, तब जो राशि (44 लाख रुपये) जिस बैंक खाते (शाखा बांद्रा मुंबई एक्सिस बैंक) में तथा 20 लाख रुपये (SBI गोलमुरी जमशेदपुर, झारखण्ड ब्रान्च में) ट्रांसफर हुए थे उसको बैंक रिलेशनशिप मैनेजर मीत द्वारा अपने विवेक व समझबूझ से कार्य करते हुए उपरोक्त ट्रांजेक्शन्स को संबंधित बैंक मैनेजर्स से बात करके 13.11.2025 होल्ड किया गया और शिकायतकर्ता व उसकी पत्नी के बैंक खाते को फ्रिज किया। जब रिलेशनशिप मैनेजर ने शिकायकर्ता/पीड़ित से संपर्क किया गया तो शिकायकर्ता से डर के मारे फोन नहीं उठाया।
शिकायकर्ता ने 18 नवंबर को बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर मीत साबरवाल को फोन से संपर्क किया। तब रिलेशनशिप मैनेजर द्वारा उपरोक्त ट्रांजेक्शन के बारे में पूछा तो शिकायकर्ता शुरुआत में डर के मारे कुछ नहीं बता रहा था। परन्तु जब शिकायकर्ता को विश्वास में लेकर पूछा तो उसने मीत साबरवाल को डिजिटल अरेस्ट करके उपरोक्त ठगी के बारे में बताया। तो रिलेशनशिप मैनेजर के कहने और मोटिवेट करने पर पीड़ित/शिकायकर्ता द्वारा पुलिस में शिकायत दी गई।
पुलिस को शिकायत मिलते ही निरीक्षक अमित कुमार प्रबंधक, पुलिस थाना साईबर अपराध पूर्व के नेतृत्व में मुख्य सिपाही कर्मबीर द्वारा उपरोक्त अभियोग में कार्यवाही करते हुए शिकायकर्ता के बैंक खाते से ट्रांसफर हुई राशि के संबंधित एक्सिस बैंक बांद्रा शाखा, मुंबई से संपर्क किया तो बांद्रा के बैंक मैनेजर ने बताया कि खाताधारक फोन करके उन पर दबाव बना रहा है कि उसके फ्रीज हुए बैंक खाते को अनफ्रीज/होल्ड करें। जिस पर पुलिस द्वारा उन्हें सुनिश्चित कराया कि उनके द्वारा बैंक खाता फ्रीज कराने के लिए बैंक को मेल की जा चुकी है। अतः यह बैंक खाता अनफ्रीज ना करें और इस सम्बन्ध में खाताधारक या कोई भी अन्य व्यक्ति जानकारी प्राप्त करना चाहे तो उसकी सूचना तुरन्त पुलिस को दें।
रिलेशनशिप मैनेजर मीत साबरवाल पिछले 7 वर्ष से एक्सिस बैंक ग्लेरिया मार्केट गुरुग्राम शाखा में कार्यरत हैं। इनकी कुशल कार्यशैली, अच्छे अनुभव से उपरोक्त शिकायकर्ता के बैंक खाते से हुई ट्रांजेक्शन को होल्ड कराकर साईबर ठगों द्वारा की गई उपरोक्त ठगी की वारदात को आसानी से पुलिस टीम द्वारा निष्क्रिय कराया जा सका।
विकास अरोड़ा पुलिस आयुक्त ने आज बैंक रिलेशनशिप मैनेजर मीत साबरवाल की कार्यकुशलता, उनके विवेक व समझबूझ की सराहना करते हुए उन्हें 20 हजार रुपये का ईनाम व प्रसंशा-पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान नीरज जैन (सर्किल हेड एक्सिस बैंक), शपरशान्ता राय चौधरी (ब्रांच कन्ट्रोल हेड एक्सिस बैंक DLF, गुरुग्राम), वी. सीतालक्ष्मी (ब्रांच हेड एक्सिस बैंक DLF, गुरुग्राम) व अश्विनी अरोड़ा (ऑपेरशन हेड एक्सिस बैंक DLF, गुरुग्राम) उपस्थित रहे।
उपरोक्त सम्बन्ध में पुलिस द्वारा उपरोक्त राशि को पीड़ित के बैंक खाते में रिफंड कराने के लिए 19.11.2025 को सुपरदारी के लिए कार्यवाही कराई गई है, जल्दी ही पीड़ित से ठगे गए रुपये पीड़ित ले बैंक खाते में रिफंड हो जाएंगे।



