Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 21 नवंबर। फरीदाबाद नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता एक बार फिर से एक्शन मूड में दिखाई दे रहा है। आज नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता बुलडोजर लेकर सेक्टर 21 सी मार्केट पहुंचा, जहां मार्केट से कुछ दूरी पर अवैध रूप से सरकारी जमीन पर सब्जी की दुकानें, ठेले, खोखे, फूड स्टॉल्स व झुग्गियां बनी हुई थी। जिन्हें बुलडोजर के पीले पंजे ने एक-एक करके ध्वस्त कर दिया।
आपको बता दें कि दीपावली और त्योहारों के बाद नगर निगम एक बार फिर से अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करता हुआ नजर आया। वहीं, स्थानीय सब्जी विक्रेताओं, ढाबा और फूड स्टॉल संचालकों ने आरोप लगाया कि नगर निगम पिछले कई वर्षों से उन्हें चक्कर कटवा रहा है कि उन्हें रोजगार चलाने के लिए एक स्थान दिया जाएगा, लेकिन आजतक उन्हें कोई स्थान चिन्हित करके नहीं दिया गया। ऊपर से आज अचानक से पहुंचकर उनके रोजगार पर बुलडोजर चला दिया है। उनका कहना था कि नगर निगम द्वारा उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। उन्होंने हताश होकर यह भी कहा कि वह झूठे बर्तन धोकर भी अपना परिवार पाल रहे हैं न कि चोरी चाकरी करके।



