पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों की टीमें दिखाएंगी घुड़सवारी कौशल
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 6 जनवरी। भापुसे रैंकुट प्रशिक्षण केंद्र भौंडसी में 6 जनवरी से राष्ट्रीय टेंट पैगिंग घुड़सवार प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से 17 घुड़सवार टीमें भाग लेंगी, जो पदक के लिए आपस में मुकाबला करेंगी।
इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की पुलिस, सेना तथा अर्धसैनिक बलों की टीमें शामिल होंगी। सभी टीमें प्रशिक्षण केंद्र के परेड ग्राउंड में अपने घुड़सवारी कौशल, साहस और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी।
भारतीय घुड़सवार फेडरेशन के निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुरूप प्रतियोगिता से पूर्व सभी अश्वों का अनिवार्य चिकित्सीय परीक्षण किया गया। यह परीक्षण वीरेंद्र विज भापुसे, उप पुलिस महानिरीक्षक (आरटीसी), विद्याधीक्षक संदीप सिंह कश्यप तथा जूरी सदस्यों की देखरेख में संपन्न हुआ, जिसमें सभी अश्व प्रतियोगिता के खेल मानकों पर खरे पाए गए।
वीरेंद्र विज भापुसे ने बताया कि प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ चारुबाली भापुसे, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस परिसर भौंडसी एवं एडीजीपी/एसीबी विजिलेंस, हरियाणा द्वारा किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रतिभागी एकल एवं युगल वर्ग में भाग लेंगे। इसमें एकल लांस, तलवार, रिंग एंड पेग, लेमन एंड पेग सहित विभिन्न टीम स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय टेंट पैगिंग घुड़सवार प्रतियोगिता को देखने के इच्छुक दर्शकों के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है। दर्शक आधार कार्ड अथवा किसी वैध पहचान पत्र के साथ प्रतियोगिता स्थल पर प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। सभी टीमों का मनोबल उच्च स्तर पर होने के कारण प्रतियोगिता के अत्यंत रोमांचक और दर्शनीय होने की उम्मीद है।
चिकित्सीय निरीक्षण के दौरान जूरी सदस्य रामाकृष्ण (पूर्व पुलिस महानिदेशक), सेवानिवृत्त कर्नल ए.के. यादव, सरप्रताप, सोहेल, डॉ. अक्तर अफसर तथा आकिफ अफसर उपस्थित रहे।



