file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 17 जनवरी। गुरुग्राम पुलिस ने खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास 34 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर अपराधी की गोली मारकर हत्या करने वाले नाबालिग का पकड़ लिया है। नाबालिग दिल्ली के हिस्ट्रीशीटर और एक अन्य आरोपी के साथ हिसार में किसी की हत्या करने गया था। हत्या की साजिश विफल होने पर वे जब वापस लौट रहे थे तो उनके बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद नाबालिग ने दिल्ली के हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह अपने साथी के साथ वहां से फरार हो गया। पुलिस ने नाबालिग आरोपी के पास से 1 देशी पिस्टल और 1 खाली मैगजीन भी बरामद किए हैं। पुलिस इस मामले में अब तक दो लोगों को पकड़ चुकी है। हत्या 13 जनवरी को खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास की गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराध शाखा मानेसर प्रभारी मनोज कुमार ने इस मामले में एक नाबालिग को कल दिल्ली से काबू किया। आरोपी से की गई पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह (नाबालिग) लोकेश और मनोज ओझा के साथ हिसार में किसी व्यक्ति की हत्या करने के लिए गए थे। उन्होंने हत्या करने की वारदात को अंजाम देने के लिए रेकी भी की, परंतु वे हत्या करने की वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाए।
नाबालिग ने यह भी बताया कि मनोज ओझा ने दिल्ली में किसी व्यक्ति पर हत्या का प्रयास करने की वारदात को अंजाम देने के लिए उसे (नाबालिग) को 20 लाख रुपये देने की बात कही थी, परंतु वारदात को अंजाम देने के बाद भी मनोज ओझा ने उसको (नाबालिग) रुपए नहीं दिए। इसी प्रकार मनोज ओझा उसे और लोकेश को किसी व्यक्ति की हत्या करने के लिए हिसार लेकर गया था, जिस वारदात के बदले भी मनोज ने 20 लाख रुपये देने की बात कही थी। वे हिसार में हत्या करने की वारदात को अंजाम देने में विफल रहे तो मनोज ओझा ने उसको (नाबालिग) रुपये नहीं दिए, जिसको लेकर उसकी मनोज ओझा से कहासुनी हो गई और उसने (नाबालिग) गाड़ी में रखे अवैध पिस्टल से मनोज ओझा की गोली मारकर हत्या कर दी।



