Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 17 जनवरी। जमीन की रजिस्ट्री के बाद म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) और इंतकाल की प्रक्रिया के लिए अब गुरुग्राम वासियों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए गुरुग्राम की सभी तहसीलों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में स्थानीय पटवार भवन में लगाए गए शिविर में भारी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी लंबित समस्याओं का समाधान करवाया। सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य सिविल मामलों से जुड़े म्यूटेशन और इंतकाल की प्रक्रिया को सरल, त्वरित और पारदर्शी बनाना है। पटवार भवन में आयोजित शिविर के दौरान 100 से अधिक लोगों ने अपने दस्तावेजों की जांच करवाई और उनके म्यूटेशन दर्ज करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया।
शिविर में आए लोगों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि पहले इंतकाल के लिए उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब एक ही छत के नीचे मार्गदर्शन और सेवा दोनों उपलब्ध हैं। इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगेगी।
शिविर में एक ही स्थान पर संबंधित दस्तावेजों की मौके पर जांच और समाधान किया गया। वही लंबित म्यूटेशन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया गया। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पूरे जनवरी माह में इन विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
वहीं, नायब तहसीलदार जगदीश ने बताया कि गुरुग्राम जिले की सभी तहसीलों में इन शिविरों के जरिए आमजन को राहत दी जा रही है। जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, इन शिविरों का उद्देश्य राजस्व संबंधी कार्यों में देरी को समाप्त करना है। यदि आपके भी जमीन से जुड़े म्यूटेशन या इंतकाल का काम रुका हुआ है, तो आप अपने नजदीकी तहसील या पटवार भवन में जाकर इन शिविरों का लाभ उठा सकते हैं।



